रायपुर। प्रदेश में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक तापमान में विशेष बदलाव की उम्मीद नहीं है और गर्मी का सिलसिला इसी तरह जारी रहेगा।
मंगलवार को प्रदेश भर में दुर्ग और राजनांदगांव सबसे गर्म रहे, जहाँ अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में दक्षिण झारखंड और उससे सटे उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा, ओडिशा से मराठवाड़ा तक एक द्रोणिका बनी हुई है। इन मौसमी प्रणालियों के बावजूद प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और किसी विशेष चेतावनी की आवश्यकता नहीं है।
राजधानी रायपुर की बात करें तो आज 11 मार्च को आसमान में हल्की धुंध छाए रहने की संभावना है। यहाँ अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।