रमेश गुप्ता रायपुर। कमिश्नरेट रायपुर पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्या मामले का पर्दाफाश करते हुए मृतक की पत्नी, बेटी और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। यह मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ है, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 सितंबर 2025 को थाना डीडीनगर क्षेत्र के निवासी वीरेन्द्र भारती गोस्वामी की संदिग्ध मृत्यु की सूचना मिलने पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के शरीर पर 17 गंभीर चोटों की पुष्टि हुई, जिससे स्पष्ट हुआ कि यह हत्या का मामला है।
जांच के दौरान डीसीपी पश्चिम संदीप पटेल के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के पर्यवेक्षण एवं एसीपी पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर के नेतृत्व में टीम ने गहन पड़ताल की। परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मृतक की पत्नी, पुत्री और नाबालिग से सख्ती से पूछताछ की गई।
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि 27 सितंबर 2025 की रात लगभग 11 बजे मोबाइल देखने को लेकर परिवार में विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर आरोपियों ने घर में रखे लकड़ी के बैट और ईंट से मृतक के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने की कोशिश करते हुए खून साफ किया और उपयोग किए गए कपड़े व हथियार पास के नाले में फेंक दिए। साथ ही, उन्होंने परिजनों को गुमराह करने के लिए यह कहानी बनाई कि मृतक बाथरूम में गिरकर बेहोश हो गया था और उसे इलाज के लिए भेजा गया है।
पुलिस ने मामले में थाना डीडीनगर में अपराध क्रमांक 252/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 238, 3(5) के अंतर्गत अपराध दर्ज किया है।
गिरफ्तार आरोपी:
दीपा भारती गोस्वामी (44 वर्ष)
तनिया भारती गोस्वामी (19 वर्ष)
एक नाबालिग बालिका
तीनों आरोपियों को 15 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
पत्नी और बेटी ने मिलकर की पिता की हत्या, सिर पर बैट और ईंट से हमला कर उतारा मौत के घाट

15
Apr