लू, डिहाइड्रेशन और आई फ्लू से बचाव के लिए सतर्क रहने की अपील
कोरिया जिला, 15 अप्रैल 2026/
जिले में बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। अप्रैल और मई के दौरान पड़ने वाली भीषण गर्मी और हीटवेव (लू) को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। विभाग ने डिहाइड्रेशन, उल्टी-दस्त और आंखों के संक्रमण (आई फ्लू) जैसी मौसमी बीमारियों के खतरे से आगाह किया है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, गर्मी के मौसम में शरीर में पानी की कमी होना कई बीमारियों को जन्म देता है। इससे बचने के लिए नागरिकों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, नींबू पानी, छाछ, नारियल पानी और ओआरएस का सेवन करने की सलाह दी गई है।
खान-पान को लेकर भी विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। बासी और अस्वच्छ भोजन से उल्टी-दस्त जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं, इसलिए केवल ताजा भोजन ही सेवन करने की सलाह दी गई है।
विभाग ने नागरिकों को दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच धूप में निकलने से बचने, सिर को ढककर रखने तथा हल्के और सूती कपड़े पहनने की सलाह दी है। बाहर जाते समय टोपी और धूप के चश्मे का उपयोग भी लाभकारी बताया गया है।
यदि किसी व्यक्ति को सिरदर्द, चक्कर, कमजोरी या उल्टी जैसे लक्षण महसूस हों, तो तुरंत ठंडी जगह पर आराम करने और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
विशेषज्ञों ने बताया कि लू लगना एक गंभीर स्थिति हो सकती है, जिसमें शरीर का तापमान तेजी से बढ़ जाता है और पसीना आना बंद हो सकता है। समय पर इलाज न मिलने पर यह जानलेवा भी साबित हो सकता है।
स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि थोड़ी सी सावधानी बरतकर गर्मी से होने वाली बीमारियों से बचा जा सकता है और नागरिकों से सतर्क रहकर सुरक्षित रहने की अपील की है।