रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले निपनिया-भाटापारा सेक्शन में निर्माण कार्य के कारण रेल यातायात प्रभावित रहेगा। रेलवे प्रशासन ने 17 और 19 अप्रैल को बिलासपुर और रायपुर के बीच चलने वाली चार मेमू लोकल ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया है।
रेलवे के अनुसार, बिलासपुर जोन में तीसरी और चौथी लाइन के विस्तार के साथ ही अधोसंरचना विकास के कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में निपनिया-भाटापारा सेक्शन में अंडरब्रिज निर्माण के लिए ट्रैफिक-सह-पावर ब्लॉक लिया जाएगा। इस तकनीकी कार्य के चलते यात्री ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है।
रद्द रहने वाली ट्रेनों की सूची:
- 17 और 19 अप्रैल को गाड़ी संख्या 68728 रायपुर-बिलासपुर मेमू पैसेंजर रद्द रहेगी।
- 17 और 19 अप्रैल को गाड़ी संख्या 68719 बिलासपुर-रायपुर मेमू पैसेंजर का परिचालन बंद रहेगा।
- 17 और 19 अप्रैल को गाड़ी संख्या 68861/68862 गोंदिया-झारसुगुड़ा-गोंदिया पैसेंजर रद्द रहेगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से असुविधा के लिए खेद प्रकट करते हुए यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेनों की स्थिति जांचने की सलाह दी है। निर्माण कार्य पूरा होते ही इन ट्रेनों का परिचालन पुन: बहाल कर दिया जाएगा।