नई दिल्ली, नेशनल ब्यूरो: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी सीबीएसई (CBSE) की कक्षा 12वीं के रिजल्ट के बाद री-इवैल्युएशन की प्रक्रिया को लेकर छात्रों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। बोर्ड की तरफ से 12वीं क्लास की कॉपियों के पुनर्मूल्यांकन (Re-evaluation) के लिए 2 जून से लेकर 7 जून तक ऑनलाइन आवेदन लिए गए थे। इन छह दिनों के भीतर करीब 1.6 लाख छात्रों ने 3.8 लाख कॉपियों की दोबारा जांच के लिए फॉर्म भरा है। आवेदन की तारीख खत्म होने के बाद अब बड़ी संख्या में छात्रों के फॉर्म स्वीकार नहीं किए गए हैं। इससे स्टूडेंट्स और उनके माता-पिता काफी परेशान हैं और लगातार शिकायतें कर रहे हैं। बोर्ड के पास मामला पहुंचने के बाद अब सीबीएसई ने इस पर अपनी तरफ से स्थिति साफ करते हुए एक आधिकारिक बयान जारी किया है।
जानें क्यों स्क्रीन पर आ रहा है ‘Roll Number Not Found’ का एरर मैसेज
रीचेकिंग के लिए अप्लाई करने वाले कई छात्रों को वेबसाइट पर “Roll Number Not Found” का मैसेज दिखाई दे रहा है। इसे लेकर छात्र समझ नहीं पा रहे थे कि आखिर उनका फॉर्म रिजेक्ट क्यों हो रहा है। सीबीएसई ने साफ किया है कि री-इवैल्युएशन के नियम पहले से ही तय थे। नियम के मुताबिक केवल वही छात्र पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन करने के योग्य थे, जिन्होंने तय तारीखों में अपनी आंसर शीट (Answer Sheet) की स्कैन कॉपी मंगवाने के लिए पहले चरण में अप्लाई किया था। लेकिन रिकॉर्ड के अनुसार हजारों ऐसे छात्रों ने भी सीधे रीचेकिंग के लिए फॉर्म भर दिया, जिन्होंने स्कैन कॉपी के लिए पहले आवेदन नहीं किया था। ऐसे ही छात्रों को वेबसाइट पर रोल नंबर नॉट फाउंड का मैसेज मिल रहा है।
रीचेकिंग के बाद जो भी नंबर आएंगे वही माने जाएंगे फाइनल, स्कूलों से मिलेगी नई मार्कशीट
बोर्ड ने छात्रों को एक और महत्वपूर्ण नियम की याद दिलाई है। सीबीएसई के मुताबिक जिन छात्रों का आवेदन सही पाया गया है, उनकी कॉपियों का पुनर्मूल्यांकन शुरू कर दिया गया है। इस रीचेकिंग प्रक्रिया के दौरान छात्र को जो भी अंक (Marks) मिलेंगे, वही अंतिम और फाइनल माने जाएंगे। चाहे छात्र के नंबर पहले से बढ़ जाएं या फिर घट जाएं, उसमें बाद में कोई बदलाव नहीं होगा। पूरा मूल्यांकन होने के बाद बोर्ड की तरफ से उन छात्रों के लिए संशोधित मार्कशीट (Revised Marksheet) जारी की जाएगी जिनके नंबरों में बदलाव हुआ है। छात्र अपने संबंधित स्कूल में जाकर अपनी ओरिजिनल मार्कशीट ले सकेंगे।