छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, रायपुर-बस्तर में झमाझम बारिश, अगले 2 दिन अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पिछले 24 घंटों में रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। राजधानी रायपुर और बस्तर संभाग के कई जिलों में झमाझम बारिश हुई। बारिश और तेज हवाओं के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, अंधड़ और बिजली गिरने की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक रविवार को प्रदेश के कई इलाकों में बारिश रिकॉर्ड की गई। बिलासपुर में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रायपुर में न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

शनिवार को रायपुर में 62.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। बस्तर संभाग के कई इलाकों में भी अच्छी बारिश हुई है। बारिश के चलते कई जगह मौसम सुहावना बना रहा।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी, पूर्वी उत्तर प्रदेश और विदर्भ क्षेत्र में बने सिस्टम का असर छत्तीसगढ़ में देखने को मिल रहा है। दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और तमिलनाडु के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके साथ ही पश्चिम विदर्भ से मन्नार की खाड़ी तक द्रोणिका बनी हुई है। इसी वजह से प्रदेश में लगातार नमी पहुंच रही है।

मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार को रायपुर में आंशिक बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक और तेज हवा के साथ बारिश होने के आसार हैं। राजधानी में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

प्रदेश के कई जिलों में बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *