Saharanpur में भेंट रोड स्थित चकलापुरी मंदिर के पुजारी पर दर्ज POCSO केस के बाद रविवार को बड़ा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। 10 साल की बच्ची से कथित छेड़छाड़ के मामले में पुजारी विजय शास्त्री पर एससी-एसटी एक्ट और POCSO Act के तहत मुकदमा दर्ज होने के बाद ब्राह्मण समाज, मंदिरों के पुजारियों और सवर्ण समाज के लोगों ने शहरभर में प्रदर्शन किया।

हजारों की संख्या में लोग अलग-अलग इलाकों से जुलूस निकालते हुए SSP कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। भीड़ को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। कई जगह बैरिकेडिंग की गई और PAC जवानों को भी लगाया गया।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने भगवा दुपट्टे पहनकर सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। पूरे क्षेत्र में “जय श्रीराम” और “हनुमान जी महाराज की जय” के नारे गूंजते रहे। इस वजह से शहर के कई मार्गों पर लंबा ट्रैफिक जाम भी लगा रहा।
प्रदर्शन में शामिल लोगों का आरोप है कि पुजारी को साजिश के तहत फंसाया गया है। कुछ वक्ताओं ने दावा किया कि मंदिर संपत्ति विवाद को लेकर यह मामला खड़ा किया गया। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों पर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
विरोध के चलते सहारनपुर के कई मंदिरों के कपाट भी बंद रखे गए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अगर पुजारियों के खिलाफ बिना निष्पक्ष जांच कार्रवाई होगी तो समाज बड़ा आंदोलन करेगा। प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई है।
वहीं दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि बच्ची की शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है और मामले की जांच कानून के अनुसार की जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।