हिंदू धर्म में शुक्रवार का दिन माता लक्ष्मी की कृपा पाने के लिए सबसे विशेष माना जाता है। देवी लक्ष्मी धन और सुख-समृद्धि की देवी हैं। यदि आप भी आर्थिक तंगी से परेशान हैं या जीवन में खुशहाली चाहते हैं, तो शुक्रवार को मां लक्ष्मी की पूजा में कुछ खास चीजें शामिल करना बेहद शुभ होता है।
कमल का फूल है सबसे खास
देवी लक्ष्मी को कमल का फूल सबसे ज्यादा प्रिय है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, स्वयं माता लक्ष्मी का निवास स्थान कमल ही है। शुक्रवार के दिन पूजा में मां को ताजा कमल का फूल अर्पित करने से वे शीघ्र प्रसन्न होती हैं। यदि आपको कमल का फूल न मिले, तो आप गुलाबी रंग का कोई भी सुगंधित फूल पूजा में उपयोग कर सकते हैं।

खीर का भोग जरूर लगाएं
मां लक्ष्मी को सफेद रंग की चीजें बहुत पसंद हैं। शुक्रवार की पूजा में दूध और चावल से बनी खीर का भोग लगाना सबसे उत्तम माना जाता है। पूजा के बाद इस खीर को परिवार के सभी सदस्यों में प्रसाद के रूप में बांट दें। मान्यता है कि इससे घर की नकारात्मक ऊर्जा खत्म होती है और घर में सुख-समृद्धि का वास होता है।
कौड़ी से भर जाएगी तिजोरी
हिंदू परंपरा में कौड़ी को धन को खींचने वाला माना गया है। शुक्रवार के दिन पूजा के दौरान देवी लक्ष्मी को 2 कौड़ी अर्पित करें। पूजा पूरी होने के बाद इन कौड़ियों को लाल कपड़े में बांधकर अपनी तिजोरी या पैसे रखने वाली जगह पर रख दें। माना जाता है कि ऐसा करने से धन के नए रास्ते खुलते हैं और आर्थिक स्थिति में सुधार आता है।