राजेश राज गुप्ता
कोरिया। जिले में 17 वर्षीय छात्रा द्वारा फांसी लगाकर जान देने की घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। मामले में कथित प्रताड़ना और आर्थिक मांग के आरोपों को लेकर पुलिस ने संबंधित आईसी मार्ट को सील कर दिया है तथा तीन संचालकों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्रा घटना से एक दिन पहले शहर स्थित आईसी मार्ट में खरीदारी करने गई थी। इस दौरान उस पर लगभग 1,500 रुपये मूल्य के कॉस्मेटिक सामान का भुगतान किए बिना अपने पास रखने का आरोप लगाया गया। आरोप है कि दुकान संचालकों ने छात्रा को डांट-फटकार लगाई, उससे एक कागज पर लिखवाया तथा उसकी स्कूटी अपने कब्जे में रख ली।

बताया जा रहा है कि छात्रा ने डर के कारण इस घटना की जानकारी सीधे अपने पिता को न देकर परिचित पुलिसकर्मियों को दी। इसके बाद पुलिसकर्मी दुकान पहुंचे, जहां स्कूटी लौटाने को लेकर बातचीत हुई। आरोप है कि इस दौरान पहले 20 हजार रुपये और बाद में 50 हजार रुपये की मांग की गई। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

परिजनों के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम से छात्रा मानसिक रूप से बेहद तनाव में थी। गुरुवार दोपहर, जब उसके पिता घर से बाहर थे, तब उसने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना स्थल से एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे पुलिस ने जब्त कर जांच के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि नोट की सत्यता और उसमें लिखी बातों की पुष्टि जांच के बाद ही की जाएगी।

घटना के बाद बड़ी संख्या में पुलिस परिवार, आदिवासी समाज और स्थानीय नागरिकों ने आईसी मार्ट के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने भी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित दुकान को सील कर दिया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराएं 296, 107, 308(2), 309(4) एवं 3(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। तीनों आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं और उनकी तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक रवि कुर्रे ने कहा कि मामले की हर पहलू से निष्पक्ष जांच की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।