आर्य नगर में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से सनसनी, पति-पत्नी फांसी पर लटके मिले, दो बच्चे मृत अवस्था में पाए गए..

रमेश गुप्ता, दुर्ग। थाना मोहन नगर क्षेत्र अंतर्गत आर्य नगर में एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।

पति-पत्नी ने फांसी लगाकर दी जान

पुलिस के अनुसार मौके पर गोविंद साहू (45 वर्ष) एवं उनकी पत्नी चंचल साहू (40 वर्ष) फांसी के फंदे पर लटके हुए मिले। वहीं उनके पुत्र यशांत साहू (11 वर्ष) और पुत्री दृष्णा साहू (13 वर्ष) घर के भीतर मृत अवस्था में लेटे हुए पाए गए।

वरिष्ठ अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल यूनिट की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।

मौके से मिला सुसाइड नोट

पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नोट में पारिवारिक विवाद का उल्लेख किया गया है। पुलिस सुसाइड नोट की सत्यता और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

मर्ग कायम, जांच जारी

थाना मोहन नगर पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *