भोपाल न्यूज़ (Twisha Sharma Case Bhopal): मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के बहुचर्चित और रहस्यमयी ट्विशा शर्मा मौत मामले में एक बहुत बड़ी खबर सामने आई है। इस पूरे मामले की जांच अब देश की सबसे बड़ी जांच एजेंसी सीबीआई (CBI) करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कड़े निर्देश के बाद राज्य के गृह विभाग ने सीबीआई को जांच हाथ में लेने के लिए आधिकारिक पत्र लिख दिया है। इस फैसले के बाद ट्विशा के न्याय के लिए भटक रहे परिवार को एक बड़ी उम्मीद जगी है।
12 मई को फंदे पर मिली थी लाश, दहेज हत्या का आरोप
आपको बता दें कि बीती 12 मई को बाग मुगलिया एक्सटेंशन इलाके में ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उसका शव घर में फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला था। मायके पक्ष का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि दहेज के लिए की गई हत्या (Dowry Death) है। इस मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह पहले ही पुलिस की गिरफ्त में है, जिसने हाल ही में जमानत के लिए हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। वहीं पीड़ित परिवार लगातार उसकी जमानत रोकने की अपील कर रहा है।
अभी भी मॉर्च्युरी में रखा है शव, दोबारा पोस्टमार्टम की मांग
इस पूरे केस में सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि घटना को कई दिन बीत जाने के बाद भी ट्विशा का अंतिम संस्कार नहीं हो सका है। उसका शव आज भी अस्पताल की मॉर्च्युरी (Bhopal Mortuary) में सुरक्षित रखा हुआ है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गड़बड़ी की गई है, इसलिए वे दोबारा पोस्टमार्टम (Re-Postmortem) कराने की मांग पर अड़े हैं। हालांकि, भोपाल की निचली अदालत इस मांग को खारिज कर चुकी है।
हाई कोर्ट में आज अहम सुनवाई, पुलिस को शव सुरक्षित रखने के निर्देश
निचली अदालत से झटका लगने के बाद पीड़ित परिवार ने हाई कोर्ट की शरण ली है। मामले को लेकर आज हाई कोर्ट में एक बेहद महत्वपूर्ण सुनवाई होने जा रही है। अदालत ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पहले ही स्थानीय पुलिस को निर्देश दिए हैं कि ट्विशा के शव को पूरी तरह सुरक्षित रखा जाए। अब सीबीआई की एंट्री के बाद इस केस की पूरी दिशा बदलने की उम्मीद है।