बस्तर के छिंदनार में बच्चों संग बल्ला थामेंगे सचिन तेंदुलकर: मुख्यमंत्री साय की मौजूदगी में होगा बड़ा आयोजन

रायपुर। क्रिकेट की दुनिया के महानतम खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर जल्द ही अपने परिवार के साथ छत्तीसगढ़ के दौरे पर आ रहे हैं। वह 22 अप्रैल को दंतेवाड़ा प्रवास पर रहेंगे जहां अबूझमाड़ की सरहद पर इंद्रावती नदी के तट पर बसे ग्राम छिंदनार में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष दौरे के दौरान सचिन न केवल आदिवासी बच्चों से संवाद करेंगे बल्कि उनके साथ क्रिकेट के मैदान पर खेल की बारीकियां भी साझा करेंगे। इस महत्वपूर्ण अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी उनके साथ मौजूद रहेंगे जो बस्तर में बदलती शांति और विकास की तस्वीर को दुनिया के सामने रखेंगे।

सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन ने दंतेवाड़ा के छिंदनार में ग्रामीण खेलों को बढ़ावा देने और बच्चों को प्रशिक्षित करने की पहल तब शुरू की थी जब यह इलाका नक्सली हिंसा से बुरी तरह प्रभावित था। अब जबकि बस्तर के कई हिस्सों के नक्सल मुक्त होने का दावा किया जा रहा है तब सचिन खुद जमीनी स्तर पर चल रहे बदलाव को देखने पहुंच रहे हैं। इससे पहले हाल ही में तेंदुलकर फाउंडेशन की टीम ने मुंगेली के अचानकमार टाइगर रिजर्व और बिलासपुर के गनियारी जन स्वास्थ्य केंद्र का दौरा किया था। डॉ. अंजली तेंदुलकर और सारा तेंदुलकर ने वनांचल क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और बच्चों के पोषण की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया था जिससे साफ है कि तेंदुलकर परिवार छत्तीसगढ़ के सुदूर इलाकों में सामाजिक सुधार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *