मॉस्को/क्रीमिया। रूस से बुधवार, 1 अप्रैल को एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। क्रीमिया प्रायद्वीप के ऊपर उड़ान भर रहा रूसी सेना का एक एंटोनोव-26 (An-26) परिवहन विमान पहाड़ी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। इस भीषण हादसे में विमान में सवार सभी 29 लोगों की मौत हो गई है। रूस की समाचार एजेंसी TASS ने रक्षा मंत्रालय के हवाले से इस घटना की पुष्टि की है।
पहाड़ी से टकराने के बाद हुआ भीषण हादसा
दरअसल, यह हादसा उस वक्त हुआ जब विमान ब्लैक सी के पास क्रीमियाई प्रायद्वीप के ऊपर से गुजर रहा था। रूसी न्यूज एजेंसियों के मुताबिक, क्रैश होने से कुछ समय पहले ही विमान का कंट्रोल रूम से अचानक संपर्क टूट गया था। काफी तलाश के बाद जब विमान की लोकेशन मिली, तो पता चला कि वह सीधे एक ऊंची पहाड़ी से जा टकराया है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि विमान में 23 यात्री और 6 क्रू मेंबर्स सवार थे और हादसे वाली जगह से किसी के भी जीवित बचने की पुष्टि नहीं हुई है।
शुरुआती जांच में तकनीकी खराबी की आशंका
बता दें कि रूस की समाचार एजेंसी TASS ने अपनी रिपोर्ट में जानकारी दी है कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, विमान पर किसी भी तरह के बाहरी हमले या नुकसान के संकेत नहीं मिले हैं। दुर्घटना का संभावित कारण तकनीकी खराबी बताया जा रहा है। हालांकि, रूसी सैन्य अधिकारियों ने अभी तक इस पर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। रक्षा मंत्रालय की एक विशेष जांच समिति फिलहाल मौके पर मौजूद है और सुराग जुटाने का प्रयास कर रही है।
ब्लैक बॉक्स और सबूतों की तलाश जारी
गौरतलब है कि यह इलाका सुरक्षा के लिहाज से काफी संवेदनशील माना जाता है। फिलहाल जांच एजेंसियों का पूरा ध्यान हादसे वाली जगह से मलबे को हटाने और विमान का ब्लैक बॉक्स बरामद करने पर है, ताकि क्रैश की सही वजहों का पता लगाया जा सके। मैदानी सूत्रों का कहना है कि यह घटना क्षेत्र में रूसी विमानन और सेना के लिए एक और बड़ा झटका साबित हो सकती है।