रायपुर, । छत्तीसगढ़ सरकार ने नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग में एक बहुत बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। शासन द्वारा जारी ताजा आदेश के तहत विभाग के कुल 122 अधिकारियों और कर्मचारियों का बड़े पैमाने पर तबादला कर दिया गया है। नई पदस्थापना सूची में सबसे ज्यादा गाज तकनीकी और मैदानी अमले पर गिरी है, जिसमें 66 इंजीनियर (अभियंता) और 56 अन्य संवर्गों के कर्मचारी शामिल हैं।
सूत्रों के मुताबिक, इस बड़े फेरबदल को राज्य सरकार की ओर से कामकाज में कसावट लाने और लापरवाह कर्मचारियों को सुधारने के लिए एक कड़े अल्टीमेटम के रूप में देखा जा रहा है।
तकनीकी से लेकर प्रशासनिक अमले तक बड़े बदलाव
शासन द्वारा जारी इस विस्तृत तबादला सूची का दायरा काफी बड़ा है। इसमें सिर्फ बड़े अधिकारी ही नहीं, बल्कि दफ्तरों से लेकर फील्ड पर काम करने वाले छोटे कर्मचारियों को भी बदला गया है। ट्रांसफर लिस्ट में प्रमुख रूप से शामिल पद इस प्रकार हैं:
तकनीकी टीम: कार्यपालन अभियंता (EE), सहायक अभियंता (AE) और उप अभियंता (Sub Engineer)।
दफ्तर और राजस्व विभाग: प्रोग्रामर, राजस्व निरीक्षक (RI), सहायक राजस्व निरीक्षक (ARI), लेखपाल और कैशियर।
सफाई और फील्ड स्टाफ: स्वास्थ्य निरीक्षक, तकनीकी सहायक और समयपाल (Timekeeper)।
मंत्रालयीन और सहायक स्टाफ: सहायक कार्यालय अधीक्षक, सहायक ग्रेड-2, सहायक ग्रेड-3, डाटा एंट्री ऑपरेटर और कंप्यूटर ऑपरेटर।
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी: वाहन चालक, पंप अटेंडेंट, चौकीदार और भृत्य (पीन)।
कामकाज में तेजी और पारदर्शिता लाने की कवायद
नगरीय निकायों में जनता से जुड़े कार्यों को गति देने और व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। ट्रांसफर लिस्ट जारी होने के साथ ही सभी स्थानांतरित अधिकारियों और कर्मचारियों को तुरंत अपने नए कार्यभार वाले स्थानों पर ज्वाइन करने के निर्देश दिए गए हैं। शासन का यह सख्त रुख साफ संकेत देता है कि आने वाले दिनों में काम में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।