बोरे बासी दिवस पर सियासी संग्राम: शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने भूपेश बघेल के तरीके को बताया प्रोपेगेंडा

रायपुर।

छत्तीसगढ़ में बोरे बासी दिवस को लेकर राजनीति गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा 1 मई को मिट्टी के बर्तन में बोरे बासी खाने पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने तीखा हमला बोला है। मंत्री ने इसे महज एक दिखावा करार देते हुए कहा कि मिट्टी के बर्तनों का उपयोग आमतौर पर पिंडदान या पितृ भोज में किया जाता है। उन्होंने सवाल किया कि क्या भूपेश बघेल कांग्रेस पार्टी का पिंडदान करने गए थे। मंत्री ने तंज कसते हुए पूछा कि कांग्रेस क्या साबित करना चाहती है और क्या वह चाहती है कि प्रदेश के लोग हमेशा बासी ही खाते रहें।

राजनीति के साथ-साथ शिक्षा मंत्री ने मेधावी छात्रों के लिए बड़ी घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि मेरिट लिस्ट में आने वाले 10वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं को सरकार की ओर से 1 लाख 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। पिछली सरकार की हेलीकॉप्टर यात्रा योजना पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि हम नकल नहीं करते। हेलीकॉप्टर में बच्चा एक बार घूमता था, लेकिन इस राशि से छात्र अपने पूरे परिवार के साथ यात्रा का आनंद ले सकते हैं। इसके अलावा, आगामी चुनाव परिणामों पर भरोसा जताते हुए उन्होंने पश्चिम बंगाल में भाजपा की सुनामी आने और पांच में से तीन राज्यों में स्पष्ट बहुमत मिलने का दावा किया।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *