रायगढ़ में ऑपरेशन प्रहार: पुलिस ने पकड़े कबाड़ से लदे चार ट्रक, 82 लाख की संपत्ति जब्त

रायगढ़। जिले में अवैध कारोबार के खिलाफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई हुई है। छाल पुलिस ने नाकेबंदी कर अवैध कबाड़ का परिवहन कर रहे चार ट्रकों को पकड़ा है। इस कार्रवाई में कुल 81 टन से अधिक लोहे का स्क्रैप और चार वाहन जब्त किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत 82.13 लाख रुपये आंकी गई है।

कार्यवाही का विवरण: एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में छाल थाना प्रभारी नसिर खान ने बेरियर के पास घेराबंदी की। पुलिस को सूचना मिली थी कि कोरबा की ओर से भारी मात्रा में अवैध कबाड़ घरघोड़ा की ओर ले जाया जा रहा है। जांच के दौरान ट्रक क्रमांक CG13LA3817, CG12S1988, CG12S1525 और CG12S5839 को रोका गया। इन वाहनों में लोहे के पाइप, एंगल और भारी मात्रा में स्क्रैप लोड था।

गिरफ्तारी और जब्ती: पकड़े गए चालकों में छोटे लाल यादव, नरसिंग यादव, छबिनाथ प्रसाद और अरविंद कुमार सिंह शामिल हैं, जो सभी कोरबा जिले के निवासी हैं। पूछताछ के दौरान चालक कबाड़ के परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। पुलिस ने 34.13 लाख रुपये का कबाड़ और 48 लाख रुपये कीमत के चार ट्रक जब्त किए हैं।

कानूनी कार्रवाई: पुलिस ने चारों मामलों में अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। आरोपियों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 35 (क) (ड) और बीएनएस की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई की गई है। सभी अनावेदकों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। ऑपरेशन प्रहार के तहत कबाड़ माफियाओं के खिलाफ जिले में यह लगातार दूसरे दिन की बड़ी कार्रवाई है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *