जगदलपुर की सनसिटी में पेट्रोल पंप कर्मी का मिला शव, पुलिस को आत्महत्या का संदेह

जगदलपुर शहर के लालबाग स्थित सनसिटी क्षेत्र में एक युवक का शव उसके कमरे में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अतुल शर्मा के रूप में हुई है, जो शहर के एक पेट्रोल पंप पर काम करता था। कमरे से तेज दुर्गंध आने के बाद मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला।

मृतक अतुल शर्मा घर में अकेला रहता था और उसके पिता सेवानिवृत्त फॉरेस्ट रेंजर हैं। पड़ोसियों के अनुसार अतुल पिछले कुछ दिनों से कमरे से बाहर नहीं निकला था। मौत की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस की शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि अभी तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल मामले की मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *