नई दिल्ली.
नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की 2024 की रिपोर्ट ने देश में सुरक्षा की स्थिति को लेकर नए आंकड़े जारी किए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली लगातार सभी मेट्रो शहरों में महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में शीर्ष पर बनी हुई है। साल 2024 में दिल्ली में महिलाओं के विरुद्ध 13,396 मामले दर्ज किए गए। वहीं, बुजुर्गों के खिलाफ होने वाले अपराधों में 16.9 प्रतिशत का भारी उछाल आया है, जिसमें मध्य प्रदेश 5,875 मामलों के साथ सबसे असुरक्षित राज्य बनकर उभरा है। राजधानी दिल्ली में भी बुजुर्गों के खिलाफ अपराध दर केंद्र शासित प्रदेशों में सर्वाधिक रही।
राहत की बात यह है कि देशभर में महिलाओं के खिलाफ अपराधों में 1.5 प्रतिशत की मामूली गिरावट आई है। साथ ही एससी और एसटी समुदाय के खिलाफ होने वाले अपराधों में भी क्रमशः 3.6 और 23.1 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, अपराध सुलझाने और केस निपटारे में पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा। दूसरी ओर, साइबर अपराध देश के लिए नई चुनौती बन गए हैं। साल 2024 में साइबर ठगी के मामलों में 17.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। मेट्रो शहरों में बेंगलुरु साइबर क्राइम का केंद्र बना हुआ है, जबकि गाजियाबाद में दिल्ली से भी अधिक साइबर अपराध दर्ज किए गए हैं।