महबूबा मुफ्ती ईरान पहुंचीं: सर्वोच्च नेता को दी श्रद्धांजलि, कहा- अन्याय के खिलाफ लड़ने वाले नेता को खो दिया

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी यानी पीडीपी की मुखिया और जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती शुक्रवार को ईरान की राजधानी तेहरान पहुंचीं। उन्होंने वहां ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्ला सैयद अली खामेनेई को श्रद्धांजलि दी। महबूबा मुफ्ती ने इस यात्रा को अपने लिए एक बड़ा सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि वह इस दुख की घड़ी में अपनी संवेदनाएं और एकजुटता जताने के लिए खुद यहां आई हैं।

सोशल मीडिया पर बयां किया अपना दुख

महबूबा मुफ्ती ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर अपनी इस यात्रा की जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा कि तेहरान आना मेरे लिए सम्मान की बात है। मैं ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्ला सैय्यद अली खामेनेई की शहादत पर गहरा दुख व्यक्त करती हूं। वह एक ऐसे सम्मानित नेता थे, जिन्होंने मुश्किल हालातों में भी डटकर खड़े होने का हौसला दिखाया। उन्होंने हमेशा कमजोरों और पीड़ितों के हक के लिए लड़ाई लड़ी।

शोक समारोह में हुईं शामिल

अपनी इस ईरान यात्रा के दौरान महबूबा मुफ्ती वहां आयोजित मुख्य शोक समारोह में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने कई अन्य बड़े नेताओं और शोकाकुल लोगों से मुलाकात की। उन्होंने आयतुल्ला खामेनेई को याद करते हुए कहा कि वह दुनिया में हो रहे अन्याय के खिलाफ मजबूती से खड़े होने वाले इंसान थे। उन्होंने हमेशा अत्याचार का विरोध किया और पीड़ितों की आवाज बुलंद की।

विशेष निमंत्रण पर गईं तेहरान

महबूबा मुफ्ती को इस शोक समारोह में शामिल होने के लिए ईरान सरकार के अधिकारियों की तरफ से आधिकारिक न्योता मिला था। जम्मू-कश्मीर से बुलाए गए कुछ चुनिंदा खास लोगों में उनका नाम शामिल था। उनके साथ घाटी के कई बड़े शिया धर्मगुरु भी तेहरान पहुंचे हैं।

पूरी दुनिया की नजरें इस दौरे पर टिकीं

महबूबा मुफ्ती का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब पूरी दुनिया की नजरें इस क्षेत्र के घटनाक्रमों पर टिकी हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इस यात्रा को काफी अहम माना जा रहा है। इस समय दुनिया के कई देशों के बड़े नेता, राजनीतिक हस्तियां और अलग-अलग धर्मों के प्रतिनिधि शोक जताने के लिए तेहरान पहुंच रहे हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *