नारायणपुर। जिले के अबूझमाड़ थाना सोनपुर क्षेत्र के ग्राम इरपानार में जादू-टोना के संदेह में 48 वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना 30 दिसंबर 2025 की शाम करीब 7 बजे की है। मृतका के पति लक्ष्मण मेटामी जब साले के घर आग तापने गए थे, उसी दौरान मुख्य आरोपी पंडी राम वड्डे अपने साथियों के साथ जबरन घर में घुस आया। आरोपियों ने लकड़ी के डंडे तथा फरसे की बेंट से महिला के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ कि हत्या अंधविश्वास और जादू-टोना के संदेह में की गई। क्षेत्र में प्रचलित इस कुरीति ने एक निर्दोष महिला की जान ले ली। सूचना मिलते ही थाना सोनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 103, 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अपराध क्रमांक 12/2025 दर्ज कर विवेचना शुरू की। मुख्य आरोपी पंडी राम वड्डे को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
यह घटना अंधविश्वास के खिलाफ कानून और समाज की संयुक्त लड़ाई की आवश्यकता को रेखांकित करती है। टोनही जैसे आरोप आज भी जानलेवा साबित हो रहे हैं, जो सामाजिक जागरूकता की कमी को उजागर करते हैं। इस वारदात ने कानून-व्यवस्था के साथ-साथ सामाजिक चेतना पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।