छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक करीब, अगले 2-3 दिनों में प्रदेश में प्रवेश के संकेत

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून के इंतजार की घड़ियां अब खत्म होने वाली हैं। बिहार तक पहुंच चुके मानसून के अगले दो से तीन दिनों में छत्तीसगढ़ में प्रवेश करने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून की प्रगति के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं और प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं।

मानसून की एंट्री से पहले ही प्रदेश के मौसम का मिजाज बदल गया है। कई जिलों में बादल छा रहे हैं और कहीं-कहीं हल्की बारिश भी दर्ज की जा रही है। बस्तर संभाग में लगातार हो रही बारिश मानसून के करीब पहुंचने का संकेत दे रही है।

तापमान में आई गिरावट, गर्मी से राहत

पिछले दो दिनों में प्रदेश के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। इससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है। शुक्रवार को राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रहा। यह प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान था।

वहीं राजनांदगांव 42 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। रायपुर में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही, लेकिन देर रात तक बारिश नहीं हुई।

अगले पांच दिनों में बढ़ेगी बारिश की गतिविधि

मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों में छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है। कई क्षेत्रों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

इन जिलों के लिए यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर और दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में बारिश, मेघगर्जन और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने भी स्थानीय लोगों को मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।

रायपुर का आज का मौसम

राजधानी रायपुर में शनिवार को आंशिक बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मानसून की दस्तक के साथ आने वाले दिनों में मौसम और अधिक सुहावना हो सकता है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *