दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। चंदेनार साप्ताहिक बाजार में खरीदारी करने पहुंचे लोगों पर अचानक बिजली गिर गई। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 अन्य लोग घायल हो गए। इनमें एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद बाजार परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, चंदेनार साप्ताहिक बाजार में बड़ी संख्या में ग्रामीण खरीदारी के लिए पहुंचे हुए थे। इसी दौरान मौसम ने अचानक करवट ली। तेज गर्जना और चमक के बीच आकाशीय बिजली बाजार क्षेत्र में गिर गई। बिजली गिरते ही लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुल 11 लोग आकाशीय बिजली की चपेट में आए। एक महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। अन्य नौ लोगों को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने राहत और बचाव कार्य शुरू कराया तथा अस्पताल में घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
इधर मौसम विभाग ने भी छत्तीसगढ़ के कई जिलों के लिए अगले पांच दिनों तक अंधड़, गरज-चमक और बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की गई है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। गरियाबंद जिले में सबसे अधिक 30 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि सुकमा और सूरजपुर जिले के रामानुजनगर क्षेत्र में 20-20 मिलीमीटर बारिश हुई। लगातार बदलते मौसम के बीच प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।