Raipur Simplex Castings Case: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में करोड़ों रुपये की जमीन की हेराफेरी का एक बड़ा मामला गरमा गया है। सिम्पलेक्स कास्टिंग्स कंपनी की मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) संगीता केतन शाह और उनके पति केतन शाह के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। अब जब दोनों पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है, तो संगीता शाह ने एक बड़ा दांव खेला है। उन्होंने एक पुलिस अधिकारी पर ही ब्लैकमेलिंग और कंपनी की संपत्ति हड़पने की साजिश का सनसनीखेज आरोप लगा दिया है।
चुनाव में टिकट दिलाने के नाम पर लिए पैसे संगीता शाह ने अखबारों में आम सूचना जारी कर अपनी बात सामने रखी है। उनका आरोप है कि वर्तमान में दंतेवाड़ा जिले में पदस्थ पुलिस अधिकारी विशाल सोन जब साल 2013-14 में दुर्ग जिले के थाना प्रभारी थे, तब उनसे जान-पहचान हुई थी। विशाल सोन ने भाजपा के बड़े नेताओं से अपनी पहुंच का हवाला दिया था। उन्होंने संगीता शाह को वैशाली नगर विधानसभा सीट से बीजेपी का टिकट दिलाने का भरोसा दिया था। आरोप है कि टिकट दिलाने के नाम पर उन्होंने कई बार संगीता शाह से मोटी रकम ली। यही नहीं, चुनाव प्रचार के लिए पुलिस अफसर ने बकायदा फर्जी मेडिकल लीव भी ली थी।
अंदरूनी बातों का फायदा उठाकर प्रॉपर्टी पर नजर संगीता शाह का कहना है कि कंपनी में लगातार आना-जाना होने की वजह से विशाल सोन को सिम्पलेक्स कास्टिंग्स के अंदरूनी विवादों की भनक लग गई थी। उन्होंने इन विवादों को सुलझाने का झांसा दिया। लेकिन बाद में अपने कुछ करीबी जमीन कारोबारियों, सिविल ठेकेदारों और अन्य पुलिस वालों के साथ मिलकर कंपनी की कीमती संपत्तियों को हड़पने का जाल बुन डाला।
धमकी से परेशान होकर छोड़ा घर महिला उद्यमी के मुताबिक, विशाल सोन ने साजिश रचकर कंपनी की पुलगांव और कोहका जुनवानी स्थित जमीन, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स और गाड़ियों को धोखाधड़ी से अपने कब्जे में लेने के लिए विवाद खड़ा कर दिया। संगीता शाह ने बताया कि उन्होंने इस मामले की शिकायत इसी साल 6 फरवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक से भी की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब पुलिस अफसर उन्हें मंत्रियों और बड़े नेताओं का डर दिखाकर कंपनी बंद कराने की धमकी दे रहे हैं। इस मानसिक तनाव के कारण वे अपने घर-परिवार से अलग रहने को मजबूर हैं।