शादी से पहले मातम: केतन का आखिरी वीडियो आया सामने,मंगेतर के परिवार के साथ डांस करते दिखे केतन, हत्या से एक महीने पहले का वीडियो हुआ वायरल

शादी से पहले मातम: केतन का आखिरी वीडियो आया सामने,मंगेतर के परिवार के साथ डांस करते दिखे केतन, हत्या से एक महीने पहले का वीडियो हुआ वायरल

पुणे। महाराष्ट्र के पुणे में चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच जारी है। इस बीच केतन अग्रवाल का एक भावुक वीडियो सामने आया है, जो उनकी हत्या से करीब एक महीने पहले का बताया जा रहा है। वीडियो में दोनों परिवार शादी की खुशियों में शामिल नजर आ रहे हैं। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही दिनों बाद यह खुशी मातम में बदल जाएगी। पुलिस इस मामले में केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी से लगातार पूछताछ कर रही है।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में केतन के पिता विशाल अग्रवाल और सिया गोयल के माता-पिता प्रवीण गोयल और पूजा गोयल एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल दिखाई दे रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान सभी लोग फिल्मी गीतों पर डांस करते नजर आते हैं। एक वीडियो में केतन अपने होने वाले ससुर के साथ भी नाचते दिखाई देते हैं। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

गायिका ने साझा किए वीडियो

इस कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाली गायिका रीतू शर्मा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर दो वीडियो साझा किए हैं।

उन्होंने पोस्ट में लिखा कि 7 मई को दोनों परिवार बेहद खुश थे और पूरे कार्यक्रम का आनंद ले रहे थे। उन्होंने केतन को मासूम और खुशमिजाज बताते हुए कहा कि किसी ने नहीं सोचा था कि उनके साथ इतना दर्दनाक हादसा होगा।

सिया के लिए कड़ी सजा की मांग

रीतू शर्मा ने अपनी पोस्ट में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर किसी व्यक्ति को पसंद नहीं करते थे, तो क्या उसकी जान लेना सही है। उन्होंने कहा कि इस घटना ने दो परिवारों की जिंदगी बदल दी और पीड़ित परिवार को कभी न भरने वाला दर्द दे दिया।

क्या है पूरा मामला

पुलिस के अनुसार 18 जून को पुणे के लोहागढ़ किले पर केतन अग्रवाल की मौत हुई थी। जांच में सामने आया कि उनकी मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी पर उन्हें चट्टान से धक्का देने का आरोप है।

फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और मामले की जांच जारी है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपों पर अंतिम फैसला अदालत की सुनवाई और जांच पूरी होने के बाद ही होगा।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *