नई दिल्ली। इजरायल ने अमेरिका की सहायता से ईरान के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी सैन्य कार्रवाई को अंजाम दिया है। एपी की रिपोर्ट के अनुसार, राजधानी तेहरान सहित ईरान के 30 प्रमुख ठिकानों पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमले किए गए हैं। इन धमाकों की गूंज से पूरा तेहरान दहल उठा है।
जानकारी के अनुसार, पहला हमला ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के कार्यालय के समीप हुआ, हालांकि उन्हें हमले से पहले ही सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया था। इसके अतिरिक्त तेहरान के मेहराबाद एयरपोर्ट, राष्ट्रपति भवन, विभिन्न मंत्रालयों और ईरान की खुफिया एजेंसी के दफ्तरों को भी निशाना बनाया गया है। इजरायली रक्षा मंत्री ने इस कार्रवाई को ‘प्रिवेंटिव मिसाइल हमला’ करार देते हुए कहा कि यह कदम भविष्य के खतरों को रोकने के लिए उठाया गया है।
इस बड़े हमले के बाद दोनों देशों के बीच युद्ध की स्थिति बन गई है। इजरायल ने अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी कर उन्हें सुरक्षित स्थानों और शेल्टरों में रहने के निर्देश दिए हैं। देश भर में एयर रेड सायरन बजाए जा रहे हैं और मोबाइल उपकरणों पर भी अलर्ट भेजे गए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर इजरायल ने पूरे देश में इमरजेंसी लागू कर दी है और स्कूलों के साथ-साथ अपना एयरस्पेस भी अगले आदेश तक बंद कर दिया है।
जवाबी कार्रवाई की आशंका को देखते हुए ईरान ने भी अपना एयरस्पेस पूरी तरह बंद कर दिया है। हमलों के बाद ईरान के कई शहरों में दहशत का माहौल है और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का सिलसिला जारी है। इजरायली सेना ने स्पष्ट किया है कि यह अलर्ट और पाबंदियां ईरान की ओर से संभावित मिसाइल हमलों की तैयारी के रूप में लगाई गई हैं।