दोकड़ा की ऐतिहासिक रथयात्रा: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने निभाई गजपति महाराजा की परंपरा, खींचा भगवान जगन्नाथ का रथ

जशपुरनगर, 16 जुलाई 2026/

विकाखंड कांसाबेल के ग्राम दोकड़ा में ऐतिहासिक एवं प्राचीन जगन्नाथ मंदिर में अपार श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ भव्य रथयात्रा महोत्सव-2026 का शुभारंभ हुआ। इस गौरवशाली अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने परंपरागत गजपति महाराजा की भूमिका निभाते हुए अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र एवं माता सुभद्रा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान से पूरे प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने हजारों श्रद्धालुओं के साथ मिलकर भगवान के रथ की रस्सी खींची और रथयात्रा को आगे बढ़ाया।

इस पावन अवसर पर पद्मश्री जागेश्वर यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, वरिष्ठ नागरिक कृष्ण कुमार राय, भरत सिंह, उपेंद्र यादव, सुनील गुप्ता, ओमप्रकाश साय, पुरुषोत्तम ठाकुर, बलराम भगत सहित प्रशासनिक अधिकारी जैसे कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, वनमंडलाधिकारी शशि कुमार और जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार मौजूद रहे।

आस्था और इतिहास का अनूठा संगम: 1942 से चली आ रही है दोकड़ा की ऐतिहासिक परंपरा

रथयात्रा के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दोकड़ा की ऐतिहासिक रथयात्रा हमारी आस्था, संस्कृति और गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। वर्ष 1942 में शुरू हुई इस रथयात्रा का क्षेत्र में एक विशेष महत्व है। जनसहयोग से मंदिर का भव्य जीर्णोद्धार किया गया है और वर्ष 2025 में हुई प्राण-प्रतिष्ठा के बाद यह दूसरी भव्य रथयात्रा है।

उन्होंने खुद को गजपति की उपाधि देने के लिए दोकड़ावासियों का आभार जताया और कहा कि छत्तीसगढ़ का भगवान जगन्नाथ से बेहद प्राचीन और गहरा संबंध है। यही कारण है कि आज भी छत्तीसगढ़ के देवभोग का सुगंधित चावल पुरी में भगवान जगन्नाथ के महाप्रसाद के लिए भेजा जाता है।

जशपुर को रेल नेटवर्क और मेडिकल कॉलेज की सौगात: जनहितैषी योजनाओं से संवर रहा राज्य

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश के विकास और शासकीय योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री की गारंटियों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में अब तक 11 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास बनाए जा चुके हैं। महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं के खातों में 29 किस्तें भेजी जा चुकी हैं। साथ ही, रामलला दर्शन और मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना से हजारों लोगों को तीर्थ दर्शन कराया जा रहा है।

जशपुर जिले के विकास को लेकर मुख्यमंत्री ने दो बड़ी घोषणाएं कीं:

  • रेलवे कनेक्टिविटी: धरमजयगढ़-लोहरदगा रेल परियोजना को मंजूरी मिल चुकी है, जिससे जशपुर जल्द ही देश के रेल नेटवर्क से जुड़ जाएगा।
  • स्वास्थ्य एवं शिक्षा: जिले में मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति मिलने से स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आएगा।

इसके अलावा, बिजली बिलों पर सरचार्ज माफी की अवधि को तीन महीने के लिए बढ़ा दिया गया है। ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 चौबीसों घंटे काम कर रही है, और अटल डिजिटल सेवा केंद्रों के जरिए गांवों में ही 520 से अधिक सरकारी सेवाएं और बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *