आम आदमी पर महंगाई की चौतरफा मार: पेट्रोल-डीजल के साथ दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी भी हुई महंगी, जानें नया रेट

नई दिल्ली। आम जनता की जेब पर महंगाई का एक और बड़ा बोझ आ गिरा है। देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर तगड़ा इजाफा किया गया है। राजधानी दिल्ली में पेट्रोल के दाम 87 पैसे बढ़कर ₹99.51 प्रति लीटर पर पहुंच गए हैं। वहीं, डीजल भी 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया है, जिसके बाद दिल्ली में इसके दाम ₹92.49 प्रति लीटर हो गए हैं।

दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी की कीमतें भी 1 बढ़ीं

ईंधन की इस मार से सीएनजी (CNG Vehicle Users) चलाने वाले भी नहीं बच सके हैं। दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी की कीमतों में ₹1 प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है। इस नए बदलाव के बाद दिल्ली में अब सीएनजी ₹81.09 प्रति किलो के भाव पर मिलेगी। बता दें कि पिछले महज 10 दिनों के भीतर सीएनजी के दामों में यह तीसरी बढ़ोतरी है। इससे पहले सरकार ने 15 मई को ₹2 और फिर 18 मई को ₹1 दाम बढ़ाए थे।

9 दिनों में तीसरी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम

ईंधन की कीमतों में पिछले 9 दिनों के अंदर यह तीसरी बड़ी बढ़ोतरी है। इससे पहले 19 मई को पेट्रोल-डीजल के दामों में करीब 90 पैसे प्रति लीटर का इजाफा हुआ था। वहीं, 15 मई को भी कीमतों में एकमुश्त ₹3 प्रति लीटर की भारी बढ़ोतरी की गई थी। लगातार हो रहे इस इजाफे से आम लोगों का बजट पूरी तरह गड़बड़ा गया है।

अब इन चीजों के भी दाम बढ़ने का खतरा

मालभाड़ा बढ़ेगा: डीजल महंगा होने से ट्रक और टेम्पो का किराया बढ़ जाएगा। इससे दूसरे राज्यों से आने वाली सब्जियां, फल और राशन महंगे होना तय है।

खेती की लागत: किसानों को ट्रैक्टर और पंपिंग सेट चलाने के लिए अब ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। इससे अनाज की लागत बढ़ेगी।

बस-ऑटो का किराया: सीएनजी और डीजल के दाम बढ़ने से ऑटो, कैब और स्कूल बसों के किराए में भी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

क्यों बढ़ रहे हैं दाम? तेल कंपनियों पर है दबाव

“इस बढ़ोतरी की सबसे बड़ी वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (Crude Oil Prices) की कीमतों में आया उछाल है। वैश्विक स्तर पर जारी तनाव के कारण क्रूड ऑयल के दाम जो पहले 70 डॉलर के आसपास थे, अब बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच चुके हैं। कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने से घरेलू तेल कंपनियां घाटे में चल रही थीं, जिसकी भरपाई के लिए यह कदम उठाया गया है।

जानकारों का कहना है कि अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी इसी तरह बनी रही, तो आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल के दाम और भी ज्यादा बढ़ाए जा सकते हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *