कर्नाटक लोकायुक्त का छापेमारी अभियान: 10 बड़े सरकारी अफसरों के ठिकानों पर रेड, महिला अधिकारी के घर मिला सोने-कैश का अंबार

Lokayukta Raid : बेंगलुरु: कर्नाटक में भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति (DA) के खिलाफ लोकायुक्त ने बुधवार को अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी की अलग-अलग टीमों ने एक साथ राज्य के कई जिलों में धावा बोलते हुए 10 हाई-प्रोफाइल सरकारी अधिकारियों के ठिकानों पर छापेमारी की। इस ताबड़तोड़ एक्शन से पूरे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है।

लोकायुक्त की यह कार्रवाई बेंगलुरु सिटी, बेंगलुरु साउथ, रायचूर, चित्रदुर्ग, तुमकुरु, शिवमोगा और कलबुर्गी सहित कई इलाकों में एक साथ शुरू हुई।

महिला अधिकारी ‘पुष्पा’ के घर कुबेर का खजाना!

छापेमारी के दौरान सबसे चौंकाने वाला खुलासा कृषि विस्तार अधिकारी (AEO) और बेंगलुरु APMC की डिप्टी डायरेक्टर (प्रशासन) पुष्पा डी.आर. के ठिकाने से हुआ। लोकायुक्त टीम को पुष्पा के आवास से भारी मात्रा में सोने के जेवरात और नकदी मिली है। बरामद सोने की कीमत और शुद्धता का आकलन करने के लिए मौके पर ही सुनार को बुलाया गया। फिलहाल कैश की गिनती और अन्य अचल संपत्तियों के दस्तावेजों को खंगालने का काम जारी है।

लोकायुक्त के राडार पर आए ये 10 बड़े चेहरे:

भ्रष्टाचार के इस सिंडिकेट को तोड़ने के लिए लोकायुक्त ने अलग-अलग विभागों के इन अफसरों को घेरा है:

  1. पुष्पा डी.आर. – डिप्टी डायरेक्टर (प्रशासन), APMC बेंगलुरु / कृषि विस्तार अधिकारी (AEO)
  2. बसनगौड़ पाटिल – एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, कृष्णा भाग्य जल निगम लिमिटेड (रायचूर)
  3. नरेंद्र कुमार – एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, PWD (बेंगलुरु)
  4. प्रवीण बी. श्री हरि – सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर, KRIDL (बेंगलुरु रेंज)
  5. शंकर एम – असिस्टेंट प्रोफेसर, कृषि इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय (चित्रदुर्ग)
  6. दुग्गप्पा बी.एच. – रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर, वॉटरशेड डेवलपमेंट (चित्रदुर्ग)
  7. किरण अंगड़ी – असिस्टेंट कंजरवेटर, फॉरेस्ट रिसर्च डिवीजन (शिवमोगा)
  8. अमृत राव – असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल), GESCOM (कलबुर्गी)
  9. मधुसूदन एन. – असिस्टेंट इंजीनियर, माइनर इरिगेशन विभाग (तुमकुरु)
  10. थिम्मे गौड़ा – पंचायत विकास अधिकारी (PDO), कुंबलगोडु (बेंगलुरु साउथ)

खंगाले जा रहे हैं बैंक लॉकर और निवेश के दस्तावेज

लोकायुक्त के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, इन सभी अधिकारियों पर अपनी तय और वैध कमाई से कई गुना ज्यादा संपत्ति बनाने का पुख्ता इनपुट था। फिलहाल टीमों ने सभी संदिग्ध अफसरों के बैंक खातों को फ्रीज करने, उनके लॉकरों की तलाशी लेने और बेनामी संपत्तियों के कागजात जब्त करने की कार्रवाई तेज कर दी है।

जांच अधिकारियों का कहना है कि यह तलाशी लंबी चल सकती है और मूल्यांकन पूरा होने के बाद ही काली कमाई के इस विशाल आंकड़े का सटीक खुलासा हो पाएगा। सभी आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *