बिलासपुर। सोशल मीडिया पर रील बनाने का शौक अब स्कूली छात्रों में इस कदर बढ़ गया है कि वे अपनी जान को भी जोखिम में डाल रहे हैं। ताजा मामला बिलासपुर जिले के एक शासकीय स्कूल का है, जहां विदाई पार्टी के दौरान किए गए खतरनाक स्टंट से खुशी का माहौल पलभर में हादसे में बदल सकता था।
जानकारी के अनुसार, सकर्रा स्थित शासकीय स्कूल में छात्र कार और ट्रैक्टर लेकर स्कूल परिसर में घुस गए और रील बनाने के लिए स्टंट करने लगे। इसी दौरान दोनों वाहन आपस में टकरा गए। गनीमत रही कि इस घटना में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
हैरानी की बात यह रही कि मौके पर मौजूद प्राचार्य और शिक्षक छात्रों को रोकने के बजाय तमाशबीन बने रहे। इससे स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
इस खतरनाक स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद अभिभावकों और आम लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। लोग स्कूल प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।