बैकुण्ठपुर,कोरिया। पुलिस द्वारा पुलिस लाइन परेड ग्राउंड, बैकुण्ठपुर में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के पावन अवसर पर एक अंतर-विभागीय कबड्डी प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस आयोजन में विभिन्न विभागों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिसमें नगर सेना विभाग ने महिला और पुरुष दोनों वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया।

पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे के निर्देशानुसार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. सुरेशा चौबे के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न सरकारी विभागों के मध्य समन्वय, सौहार्द तथा शारीरिक दक्षता को बढ़ावा देना था। प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर रोक्तिमा यादव उपस्थित रहीं। इस अवसर पर डीएफओ प्रभाकर खलखो, जेल अधीक्षक आबिद रजा, एडीएम सुरेन्द्र वैद, एसडीओ फॉरेस्ट संतोष पांडे, डीएसपी श्याम मधुकर, डीएसपी नेल्सन कुजूर, रक्षित निरीक्षक विपुल आनंद जांगड़े, थाना प्रभारी बैकुण्ठपुर उप निरीक्षक श्री राजेश तिवारी, थाना प्रभारी चरचा उप निरीक्षक आनंद सोनी तथा थाना प्रभारी पटना उप निरीक्षक प्रमोद पांडे सहित कई गणमान्य अधिकारी उपस्थित थे। प्रतियोगिता में पुलिस विभाग, वन विभाग, नगर सेना विभाग तथा अन्य विभागों के खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। महिला वर्ग में नगर सेना की टीम ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए विजेता का गौरव प्राप्त किया, जबकि पुलिस विभाग की महिला टीम उपविजेता रही। वहीं, पुरुष वर्ग में भी नगर सेना विभाग की टीम ने बाजी मारी और विजेता बनी, जबकि वन विभाग की टीम उपविजेता के स्थान पर रही।