रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ वन मंडल में वन्यजीव के शिकार का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पानी की तलाश में भटककर गांव पहुंचे एक सांभर को कुत्तों ने हमला कर घायल कर दिया था। ग्रामीणों ने पहले उसे कुत्तों से बचाया, लेकिन बाद में अमानवीय व्यवहार करते हुए उसे मारकर उसका मांस आपस में बांट लिया।
वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ घरों में वन्यजीव के मांस का उपयोग किया जा रहा है। त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने पांच संदिग्धों के घरों पर छापा मारा, जहां से सांभर के मांस के अवशेष बरामद किए गए। रायगढ़ वन मंडल के अधिकारियों के अनुसार, जब्त मांस के नमूनों को प्रयोगशाला भेज दिया गया है। पांचों आरोपियों को वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। विभाग अब इस मामले में अन्य संलिप्त लोगों की तलाश कर रहा है।
