सरहिंद क्षेत्र में रेलवे लाइन पर धमाका, मालगाड़ी के इंजन को नुकसान, लोको पायलट घायल


फतेहगढ़। पंजाब के फतेहगढ़ जिले में सरहिंद क्षेत्र की फ्रेट कॉरिडोर रेलवे लाइन पर देर रात एक बड़ा धमाका हुआ। यह घटना फतेहगढ़ साहिब-सरहिंद रेलवे स्टेशन से लगभग चार किलोमीटर दूर हुई।

धमाका रात करीब 11 बजे तब हुआ जब एक मालगाड़ी इस नई रेल लाइन से गुजर रही थी। मालगाड़ी का इंजन खानपुर फाटकों के पास पहुंचते ही जोरदार विस्फोट हुआ। विस्फोट से रेलवे लाइन का करीब 12 फीट हिस्सा पूरी तरह उड़ गया।

इस धमाके में मालगाड़ी के लोको पायलट को चोटें आईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद चंडीगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। धमाके से इंजन के शीशे टूट गए और एक रेल कर्मचारी को मामूली चोट आई। क्षतिग्रस्त इंजन को अंबाला भेज दिया गया है।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। रेलवे अधिकारियों को सूचना दी गई और मौके पर जांच शुरू हो गई। डीजीपी लॉ एंड ऑर्डर ने बताया कि अलग-अलग टीम मामले की जांच कर रही हैं। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि विस्फोट में आरडीएक्स का इस्तेमाल हुआ या नहीं।

डीआईजी रोपड़ डॉक्टर नानक सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर कहा कि इस घटना के पीछे आतंकवादी गतिविधि से इनकार नहीं किया जा सकता। फोरेंसिक सैंपल एकत्र कर जांच के लिए भेज दिए गए हैं। डॉग स्क्वाड और बम स्क्वाड ने रेलवे लाइन और आसपास के क्षेत्र में सघन जांच शुरू की है।

सभी जांच एजेंसियां सक्रिय हैं और आपसी तालमेल से मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। डीआईजी ने बताया कि ब्लास्ट ज्यादा घातक नहीं था। देर रात चले सर्च अभियान के बाद अब दिन के उजाले में पंजाब पुलिस और अन्य एजेंसियां जांच में जुटी हुई हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *