बलौदा बाजार : ग्रामीणों को घर के समीप मिली विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएँ, 93 मरीजों ने उठाया लाभ
अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, कुकुरदी सीमेंट संयंत्र द्वारा निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के अंतर्गत ग्राम पंचायत कुकुरदी में एक विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस जनकल्याणकारी पहल का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके घर के निकट गुणवत्तापूर्ण एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराना था।
इकाई प्रमुख पवन कुलकर्णी के निर्देशन तथा एचआर प्रमुख प्रतीक भटनागर के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, चिकित्सा विशेषज्ञों एवं ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरपंच प्रतिनिधि गोपाल साहू एवं उपस्थित अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर चिकित्सा टीम में डॉ. रोहित बाजपेयी (हड्डी रोग विशेषज्ञ), डॉ. आस्था बाजपेयी (दंत रोग विशेषज्ञ) डॉ. भूपेंद साहू (शिशु रोग विशेषज्ञ), डॉ. खुशबू बाजपेयी (स्त्री रोग विशेषज्ञ) तथा डॉ. हेमकुमार जायसवाल (सामान्य रोग विशेषज्ञ), बाजपेयी नर्सिंग होम एवं दंत चिकित्सालय बलौदा बाजार उपस्थित रहे। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं निशुल्क दवाइयों प्रदान की गई।

कार्यक्रम में अल्ट्राटेक सीमेंट संयंत्र के सीएसआर प्रमुख राजेन्द्र कुशवाहा भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ पहुंचाना कंपनी की सामाजिक प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण हिस्सा है तथा भविष्य में भी इस प्रकार की जनहितकारी गतिविधियों निरंतर संचालित की जाती रहेंगी।
शिविर में कुल 93 मरीजों ने निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श एवं दवाइयों का लाभ प्राप्त किया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे विकित्सा शिविर न केवल स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान में सहायक होते हैं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सीएसआर टीम के दया राम वर्मा, परमेश्वर साहू, ग्राम की मितानिन बहनों ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों एवं समस्त ग्रामीणों का विशेष सहयोग रहा।