पीएचसी कटगी व झीपन को मिला राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाण पत्र
सभी संकेतको में बेहतर कार्य कऱने के निर्देश
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने शुक्रवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं एवं स्वास्थ्य केंद्रों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी पीएचसी,सीएचसी एवं उप स्वास्थ्य केंद्रों में बुनियादी संसाधन के साथ ही साफ़- सफाई व स्वच्छता को विशेष फोकस करने के निर्देश दिये। इस दौरान पीएचसी कटगी एवं पीएचसी झीपन को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन प्रमाण पत्र मिलने पर सम्मानित किया गया।
कलेक्टर शर्मा ने कहा कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों में शौचालय साफ़ -सुथरे हो, स्वस्थ्य केन्द्र का परिवेश बेहतर हो,मरीजों के साथ सद्भाव रखें और संवेदनशीलता के साथ ईलाज हो। उन्होंने मरीजों के रिफरल प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक होने पार ही अन्य अस्पतालो में रिफर करने के निर्देश दिये।
इसके साथ ही कलेक्टर ने सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु ज़ारी एचपीवी वैक्सीनेशन की धीमी प्रगति पर नाराजगी जाहिर करते हुए इसे समय सीमा की बैठक में सम्मिलित करने के निर्देश दिए तथा इस पर स्कूलों में व्यापक स्तर पर अभियान चलाने के लिए शिक्षा विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग को समन्वय स्थापित कर कार्य करने को कहा।
कलेक्टर ने कहा कि गंभीर कुपोषित बच्चों की खंड चिकित्सा अधिकारी मॉनिटरिंग करेंगे तथा चिन्हांकित बच्चों को जल्द से जल्द कुपोषण से बाहर लाने की व्यवस्था की जाए। एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत उन्होंने सभी स्कूलों के प्रिंसिपल को सर्कुलर जारी कर यह सुनिश्चित करने को कहा कि छात्राओं को प्रति मंगलवार एवं शुक्रवार को पिंक गोली का सेवन अपने समक्ष करवाएं। टीबी कार्यक्रम में केसों की समय पर रिपोर्टिंग तथा कुष्ठ हेतु संवेदनशील क्षेत्र में सभी के लिए दो-डोर सर्वे एवं उपचार के निर्देश भी दिए गए ।
कलेक्टर ने गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम अंतर्गत शुगर एवं बीपी जांच एवं उनके फॉलोअप कम होने पर नाराजगी जाहिर की उन्होंने इस कार्यक्रम की रिपोर्टिंग की निगरानी के लिए बीएमओ और बीपीएम को जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई की चेतावनी भी दी। सर्वाइकल कैंसर ,स्तन कैंसर की स्क्रीनिंग कम होने पर उसे अगली बैठक तक प्रगति लाने के भी निर्देश दिए गए। आयुष्मान कार्ड प्रगति के लिए कलेक्टर ने चिन्हित विद्यार्थियों के लिए विशेष शिविर लगाने कहा साथ ही समय समय पर निजी अस्पतालों की गुणवत्ता की जांच के भी निर्देश दिए हैं । इसके साथ ही कलेक्टर ने जीवन दीप समिति के माध्यम से जिला अस्पताल के फिजियोथैरेपी सेंटर को नया सीसीटीवी कैमरा,प्रसव के बाद शिशुवती माता को पोषक जचकी लड्डू देने पर भी सहमति जताई।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल ,मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राजेश अवस्थी, सिविल सर्जन डॉ.अशोक वर्मा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सृष्टि मिश्रा सहित नोडल अधिकारी, खण्ड चिकित्सा अधिकारी, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक, जिला सलाहकार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे ।