CM Vishnu Deo Sai Chaupal: ग्राम कुशहा पहुंचे मुख्यमंत्री, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, पेयजल समाधान के दिए निर्देश

राजेश गुप्ता, कोरिया। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने सुशासन तिहार के तहत कोरिया जिले के सोनहत ब्लॉक स्थित ग्राम कुशहा में अचानक पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। गांव में आयोजित चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने आम और पीपल के पेड़ों की छांव में बैठकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने चौपाल के दौरान ग्रामीणों द्वारा परोसे गए स्थानीय फल तेंदू, सतालू, चार और लीची का स्वाद भी लिया। उन्होंने ग्रामीण संस्कृति, परंपरा और स्थानीय जीवनशैली की सराहना की। मुख्यमंत्री का यह आत्मीय अंदाज ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।

चौपाल में मुख्यमंत्री ने बिजली, पानी, सड़क, राशन, शिक्षा और आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में 1 मई से 10 जून तक सुशासन तिहार के तहत क्लस्टर स्तर पर जनसमस्या निवारण शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों में अधिकारियों द्वारा मौके पर ही समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।

ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को गांव में पेयजल संकट और मोबाइल नेटवर्क की परेशानी से अवगत कराया। इस पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही गांव में मोबाइल टॉवर लगाने की दिशा में जल्द पहल करने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने स्कूलों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों और स्टाफ की उपलब्धता, प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना और राशन वितरण व्यवस्था की भी जानकारी ग्रामीणों से ली। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें समय पर राशन और तेंदूपत्ता बिक्री का भुगतान मिल रहा है।

इस दौरान ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क और पुलिया निर्माण तथा गांव में हायर सेकेंडरी स्कूल खोलने की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने सभी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम में विधायक Bhaiya Lal Rajwade, प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, विशेष सचिव रजत बंसल, कलेक्टर रोक्तिमा यादव, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *