कलेक्टर के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग ने बिना विलंब की कार्रवाई
सूरजपुर / जिला प्रशासन का जनदर्शन कार्यक्रम आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए एक बार फिर वरदान साबित हुआ है। प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाले इस शिविर में आज उस वक्त एक भावुक और सुखद तस्वीर सामने आई, जब कलेक्टर के निर्देश पर प्रतापपुर विकासखंड के ग्राम बगडा कोटेया निवासी दिव्यांग परशुराम तिवारी को तत्काल निःशुल्क मोटराइज्ड ट्राई साइकल प्रदान की गई।
साधन मिलते ही परशुराम के चेहरे पर एक नई उम्मीद और मुस्कान तैर गई।
उम्मीद लेकर पहुंचे थे कलेक्ट्रेट
समाज कल्याण विभाग के अनुसार, परशुराम तिवारी 80 प्रतिशत दिव्यांगता से जूझ रहे हैं जिसके कारण उनका चलना-फिरना पूरी तरह बाधित था। वे बड़ी उम्मीद के साथ कलेक्ट्रेट में आयोजित जनदर्शन पहुंचे और कलेक्टर के समक्ष मोटराइज्ड ट्राई साइकल के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।
कलेक्टर की संवेदनशीलता, तत्काल मिला समाधान
मामले की गंभीरता और परशुराम की शारीरिक स्थिति को देखते हुए कलेक्टर ने संवेदनशीलता दिखाई। उन्होंने समाज कल्याण विभाग को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए। विभाग ने भी बिना किसी प्रशासनिक लेट-लतीफी के औपचारिकताएं पूरी कीं और शिविर में ही उन्हें निःशुल्क मोटराइज्ड ट्राई साइकल सौंप दी।
अब आसान होगी जिंदगी, प्रशासन का आभार
सहायता प्राप्त करने के बाद भावुक होते हुए परशुराम तिवारी ने जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग का आभार जताया। उन्होंने कहा इस साइकल के मिलने से अब मेरा आवागमन आसान हो जाएगा और मैं सामान्य जीवन जीने के साथ-साथ अपने दैनिक कार्यों के लिए आत्मनिर्भर हो सकूंगा।
जनदर्शन में आए 85 आवेदन, समय सीमा में निराकरण के निर्देश
आज आयोजित हुए जनदर्शन में कुल 85 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी विभागों के अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए हैं कि आम जनता से प्राप्त आवेदनों का निराकरण पूरी गंभीरता और समय सीमा के भीतर किया जाए, ताकि किसी भी नागरिक को बार-बार दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।
पात्र हितग्राही उठाएं योजनाओं का लाभ,, उप संचालक
समाज कल्याण विभाग के उप संचालक आलोक भवाल ने बताया कि शासन का मुख्य उद्देश्य हर पात्र हितग्राही तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना है। उन्होंने अपील की है कि अन्य पात्र दिव्यांगजन भी विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और सहायक उपकरणों का लाभ उठाकर अपने जीवन को अधिक सुगम और सम्मानजनक बनाएं।