Chhattisgarh Rain Alert: रायपुर समेत कई जिलों में झमाझम बारिश, मौसम विभाग ने ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र का असर अब छत्तीसगढ़ में साफ दिखाई देने लगा है। शनिवार को राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में जोरदार बारिश हुई। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 2 दिनों तक मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है।

रायपुर, बिलासपुर और बस्तर संभाग के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। हालांकि इस बार प्रदेश में अब तक सामान्य से 46 प्रतिशत कम बारिश हुई है। मौसम विभाग को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में मानसून और सक्रिय होगा।

इन इलाकों में सबसे ज्यादा बरसे बादल

प्रदेश में सबसे अधिक 14 सेंटीमीटर बारिश बड़े बचेली में रिकॉर्ड की गई। ओरछा में 7 सेंटीमीटर बारिश हुई। वहीं चांपा, कोंटा, कुटरू, भैरमगढ़, थानखमरिया और बारामकेला में 6-6 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

इसके अलावा जांजगीर, बीजापुर, सारंगढ़, गंगालूर, सरिया और कई अन्य इलाकों में 5 सेंटीमीटर तक बारिश हुई। जगदलपुर, सुकमा, दंतेवाड़ा, बलौदा और हसौद समेत कई स्थानों पर 4 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। रायपुर में शनिवार को दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही। अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड हुआ।

इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, दुर्ग, बेमेतरा और कबीरधाम के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश, आकाशीय बिजली और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है।

येलो अलर्ट वाले जिले भी सतर्क रहें

सुकमा, बीजापुर, नारायणपुर, बस्तर, कोंडागांव, कांकेर, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर समेत कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।

आज रायपुर का मौसम कैसा रहेगा

रविवार सुबह से राजधानी रायपुर में बादलों का डेरा बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार दिनभर रुक-रुककर बारिश हो सकती है। गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *