LPG के बाद क्या अब जेब और ढीली करेंगे पेट्रोल-डीजल? कच्चे तेल की गिरावट के बीच नई कीमतें जारी

नई दिल्ली: देश में महंगाई का एक और झटका लगा है। 7 जून से रसोई गैस (LPG) के दामों में सीधे 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है, जिसके बाद दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाला घरेलू सिलेंडर अब 942 रुपये का हो गया है। तीन महीनों के भीतर घरेलू गैस की कीमतों में यह दूसरा बड़ा इजाफा है। इस बढ़ोतरी के बाद अब आम जनता की नजरें पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर टिक गई हैं कि क्या ईंधन के दाम भी आसमान छुएंगे?

पेट्रोलियम कंपनियों (IOCL) द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, फिलहाल राहत की बात यह है कि पिछले करीब दो हफ्तों से देश के चारों महानगरों में पेट्रोल और डीजल की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं। हालांकि, रेटिंग एजेंसी क्रिसील की रिपोर्ट ने चिंता बढ़ा दी है। रिपोर्ट के अनुसार, तेल कंपनियों को घाटे से उबारने के लिए पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 5 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करना बेहद जरूरी है। इससे पहले मई महीने के उत्तरार्ध (15 से 25 मई के बीच) में चार बार में ईंधन के दाम करीब 8 फीसदी तक बढ़ाए जा चुके हैं।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल लुढ़का
ग्लोबल मार्केट से भारत के लिए राहत भरी खबर आई है। बीते कारोबारी सप्ताह के आखिरी दिन कच्चे तेल की कीमतों में 2.50 फीसदी से ज्यादा की भारी गिरावट दर्ज की गई। अमेरिकी क्रूड (WTI) 2.69 प्रतिशत टूटकर 90.54 डॉलर प्रति बैरल और ब्रेंट क्रूड करीब 2 फीसदी की कमजोरी के साथ 93.09 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ। कुछ समय पहले ही कच्चा तेल 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया था, जिससे भारतीय बाजारों में भी बड़ी महंगाई की आशंका गहरा गई थी।

देश के चार बड़े महानगरों में आज के रेट
अंतरराष्ट्रीय उठापटक के बीच घरेलू बाजार में आज कीमतें जस की तस हैं:

दिल्ली: पेट्रोल ₹102.12 और डीजल ₹95.20 प्रति लीटर

मुंबई: पेट्रोल ₹111.21 और डीजल ₹97.83 प्रति लीटर

कोलकाता: पेट्रोल ₹113.51 और डीजल ₹99.02 प्रति लीटर

चेन्नई: पेट्रोल ₹107.77 और डीजल ₹99.55 प्रति लीटर

मई महीने में ऐसे लगी थी कीमतों में आग
पिछले महीने 15 मई से लेकर 25 मई के बीच आम जनता की जेब पर पेट्रोल-डीजल का तगड़ा बोझ पड़ा था:

15 मई: पेट्रोल ₹3.00 और डीजल ₹3.29 महंगा हुआ।

19 मई: दोनों के दामों में 90-90 पैसे की बढ़ोतरी हुई।

23 मई: पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर बढ़ा।

25 मई: पेट्रोल ₹2.61 और डीजल ₹2.71 प्रति लीटर महंगा किया गया था।

क्यों महंगी हुई रसोई गैस?
पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक ऊर्जा संकट के चलते सरकारी तेल कंपनियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा था। सूत्रों के मुताबिक, इस ताजा मूल्य संशोधन से पहले तेल विपणन कंपनियों को प्रति सिलेंडर करीब 703 रुपये का घाटा हो रहा था। यही वजह है कि 7 मार्च को सिलेंडर के दाम में 60 रुपये की बढ़ोतरी करने के बाद, अब ठीक तीन महीने बाद फिर से कीमतें बढ़ानी पड़ी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *