रायपुर। छत्तीसगढ़ में चलती ट्रेन के भीतर हंगामा और मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना 19 फरवरी की है, जो दुर्ग से रायगढ़ के बीच चलने वाली गोंडवाना एक्सप्रेस में घटित हुई।
बताया जा रहा है कि गाड़ी संख्या 12410 गोंडवाना एक्सप्रेस के कोच एस-05 में एक युवक ने शराब के नशे में जमकर उत्पात मचाया। वीडियो में युवक खुद को सीआरपीएफ का जवान बताते हुए सहयात्रियों से उलझता और अभद्र भाषा का प्रयोग करता दिखाई दे रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नशे में धुत इस युवक ने न केवल यात्रियों के साथ गाली-गलौज की, बल्कि उनके साथ मारपीट भी की।
शुरुआत में यात्रियों ने उसे समझाने और स्थिति को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन युवक का हंगामा बढ़ने पर कोच में मौजूद लोग आक्रोशित हो गए। इसी बीच किसी यात्री ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया। अब यह वीडियो इंटरनेट पर वायरल है, जिसके बाद रेल सुरक्षा और यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।