ऑनलाइन ट्रेडिंग ऐप से ठगी: गूगल इंडिया हेड समेत जालसाजों पर FIR, फर्जी ऐप्स से लाखों का चूना

Google Play Store Fraud : हैदराबाद। गूगल प्ले स्टोर पर मौजूद एप्लिकेशन्स को सुरक्षित मानकर इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के लिए एक बड़ी चेतावनी सामने आई है। हैदराबाद में साइबर ठगी के तीन अलग-अलग मामलों में जालसाजों ने निवेशकों को गूगल प्ले स्टोर से फर्जी ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड करवाकर लाखों रुपये का चूना लगा दिया। इस मामले में हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस ने ठगी करने वाले गिरोह के साथ-साथ गूगल इंडिया के हेड को भी सह-आरोपी बनाते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।

Google Play Store Fraud : पुलिस के अनुसार, पीड़ितों को फर्जी विज्ञापन और सोशल मीडिया लिंक्स के जरिए ऊंचे रिटर्न का लालच दिया गया था। पीड़ितों ने इस भरोसे में पैसे निवेश कर दिए कि यह ऐप गूगल प्ले स्टोर जैसे विश्वसनीय प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। शिकायतकर्ताओं में शामिल एक 69 वर्षीय बुजुर्ग से 24.37 लाख रुपये, एक 40 वर्षीय व्यक्ति से 17 लाख रुपये और 71 वर्षीय सेवानिवृत्त कर्मचारी से 7.42 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। पीड़ितों का आरोप है कि गूगल अपने प्लेटफॉर्म पर कंटेंट मॉडरेशन और ऐप वेरिफिकेशन में नाकाम रहा, जिसकी वजह से साइबर अपराधियों को ठगी का मौका मिला।

मामले की गंभीरता को देखते हुए हैदराबाद पुलिस गूगल इंडिया को औपचारिक नोटिस जारी करने की तैयारी में है। पुलिस जांच कर रही है कि इन संदिग्ध एप्लिकेशन्स का कंटेंट क्या था और प्ले स्टोर की सुरक्षा जांच को चकमा देकर इन्हें कैसे पब्लिश किया गया। जांच में दोषी पाए जाने पर पुलिस गूगल को इन फर्जी और नुकसानदेह ऐप्स को प्ले स्टोर से तुरंत हटाने के निर्देश भी जारी करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *