रायपुर। राजधानी के टिकरापारा थाना क्षेत्र में शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने एक व्यक्ति को ज्यादा मुनाफे का लालच देकर 12 लाख 25 हजार रुपये की धोखाधड़ी की है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, टिकरापारा निवासी विजय कुमार तिवारी ने पुलिस को बताया कि 12 से 23 जनवरी के बीच एक अज्ञात मोबाइल नंबर से उनके पास कॉल आया था। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को शेयर मार्केट एक्सपर्ट बताते हुए कम समय में भारी रिटर्न दिलाने का झांसा दिया। आरोपी ने पीड़ित को एक लिंक भेजकर रजिस्ट्रेशन कराया और निवेश के नाम पर अलग-अलग किस्तों में कुल 12,25,000 रुपये जमा करवा लिए।
भरोसा जीतने के लिए आरोपी ने फर्जी स्क्रीनशॉट और आंकड़ों के जरिए पोर्टफोलियो में मुनाफा दिखाया। हालांकि, जब विजय तिवारी ने अपनी रकम निकालने की कोशिश की, तो आरोपी बहाने बनाने लगा और कुछ समय बाद संपर्क तोड़ दिया। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने थाने में मामला दर्ज कराया।
टिकरापारा थाना प्रभारी विनय सिंह बघेल ने बताया कि आरोपी के मोबाइल नंबर और बैंक खातों के विवरण के आधार पर तकनीकी जांच की जा रही है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अज्ञात व्यक्तियों के झांसे में न आएं और किसी भी ऑनलाइन लिंक के माध्यम से निवेश करने से पहले पूरी सावधानी बरतें।