वीडियो कॉल पर प्रेमी से बात करते हुए 12वीं की छात्रा ने लगाई फांसी

Raipur Suicide Case

जांजगीर-चांपा। जांजगीर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्षनपुर गांव में एक छात्रा द्वारा आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कक्षा 12वीं में पढ़ने वाली 18 वर्षीय छात्रा रजनी प्रधान ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि छात्रा ने आत्मघाती कदम उठाने से पहले अपने प्रेमी को वीडियो कॉल किया था और बात करते हुए ही फंदे पर झूल गई। घटना की जानकारी खुद छात्रा के प्रेमी ने सिटी कोतवाली थाने पहुंचकर पुलिस को दी।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय रजनी घर पर अकेली थी और उसके माता-पिता मजदूरी करने बाहर गए थे। दोपहर जब परिजन घर लौटे, तो बेटी का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मौके से छात्रा का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, प्राथमिक जांच में वीडियो कॉल के दौरान आत्महत्या की बात सामने आई है। पुलिस अब छात्रा के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि घटना से पहले उसकी किससे और क्या बात हुई थी। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि रजनी पढ़ाई में अच्छी और मिलनसार थी, उसे देखकर कभी नहीं लगा कि वह किसी तनाव में है।

जांजगीर पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि छात्रा की पारिवारिक स्थिति, व्यक्तिगत संबंधों और परीक्षा के दबाव सहित सभी संभावित पहलुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है। छात्रा के इस अचानक उठाए कदम से पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *