महापौर रामू रोहरा की पहल, विमल टॉकीज रोड में खत्म होगी वर्षों पुरानी जलभराव की समस्या

महानगरों की तर्ज पर बिछेगी अंडरग्राउंड स्टॉर्म वॉटर पाइपलाइन, बरसाती पानी रामसागर तालाब में होगा डायवर्ट

धमतरी। शहर के रिसाईपारा पूर्व, विमल टॉकीज रोड, देवश्री टॉकीज रोड और बनियापारा मार्ग पर हर वर्ष बारिश के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या का अब स्थायी समाधान किया जाएगा। महापौर रामू रोहरा ने नगर निगम के अधिकारियों के साथ क्षेत्र का स्थल निरीक्षण कर महानगरों की तर्ज पर अंडरग्राउंड स्टॉर्म वॉटर पाइपलाइन बिछाने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इस योजना के तहत बरसाती पानी को रामसागर तालाब तक पहुंचाया जाएगा, जिससे सड़कों पर पानी जमा होने की समस्या काफी हद तक समाप्त हो सकेगी।
महापौर ने सोमवार को नगर निगम अधिकारियों की बैठक लेकर बारिश के दौरान जलभराव वाले सभी क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और त्वरित जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। इसके अगले ही दिन उन्होंने अधिकारियों के साथ रिसाईपारा, बनियापारा रोड, विमल टॉकीज रोड और देवश्री टॉकीज रोड का निरीक्षण किया। इस दौरान रामसागर तालाब का भी निरीक्षण कर पानी की निकासी के संभावित मार्गों का अवलोकन किया गया।
महापौर रामू रोहरा ने अधिकारियों से कहा कि शहर के इस हिस्से में वर्षों से लोग जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। बारिश के समय सड़कें तालाब का रूप ले लेती हैं, जिससे आम नागरिकों, व्यापारियों और विद्यार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसलिए आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए भूमिगत स्टॉर्म वॉटर पाइपलाइन तैयार की जाए और बरसाती पानी को सीधे रामसागर तालाब तक पहुंचाया जाए।
उन्होंने कहा कि आमापारा क्षेत्र में इसी तरह की व्यवस्था सफल रही है और उसके अच्छे परिणाम मिले हैं। अब उसी मॉडल को रिसाईपारा क्षेत्र में भी लागू किया जाएगा। अधिकारियों को सर्वे, तकनीकी परीक्षण, डीपीआर तैयार करने तथा आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि बीटी रोड का कार्य शुरू होने से पहले इस काम को पूरा करने का प्रयास किया जायेगा।
महापौर ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य केवल अस्थायी राहत देना नहीं, बल्कि जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करना है। शहर के अन्य जलभराव वाले क्षेत्रों के लिए भी चरणबद्ध तरीके से ऐसी योजनाएं तैयार की जाएंगी, ताकि धमतरी को आधुनिक एवं सुव्यवस्थित शहर के रूप में विकसित किया जा सके। इस अवसर पर एमआईसी प्रभारी पिंटू यादव, पार्षद मेघराज ठाकुर, नगर निगम उपायुक्त पी सी सर्वा, कार्यपालन अभियंता महेन्द्र जगत, सहायक अभियंता कमलेश ठाकुर, सब इंजीनियर लोमश देवागण, कैलाश कुकरेजा आदि उपस्थिति थे। इससे पहले महापौर ने सोरिद डबरी पारा का निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *