महाशिवरात्रि पर कोसमनारा धाम पहुंचे मुख्यमंत्री साय, विकास कार्यों के लिए 1.20 करोड़ की दी सौगात

रायगढ़। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ देर रात एक बजे ग्राम कोसमनारा स्थित श्री सत्यनारायण बाबा धाम पहुंचे। मुख्यमंत्री ने यहां भगवान भोलेनाथ और श्री सत्यनारायण बाबा की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों को महाशिवरात्रि पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दीं।

प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने जिला खनिज न्यास मद के अंतर्गत एक करोड़ 20 लाख रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इन प्रस्तावित कार्यों में मुख्य भवन के सामने ग्रेनाइट फर्श और शेड निर्माण, श्रद्धालुओं के विश्राम व भोजन के लिए शेड, शौचालय परिसर और पार्किंग क्षेत्र के लिए सीमेंट कांक्रीट सड़क का निर्माण शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोसमनारा धाम आस्था का प्रमुख केंद्र है और इन विकास कार्यों से यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य सरकार गुरुजनों के आशीर्वाद से जनकल्याण के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ रही है।

उल्लेखनीय है कि रायगढ़ मुख्यालय से सात किलोमीटर दूर स्थित यह धाम वर्षों से श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का केंद्र रहा है। जनश्रुति के अनुसार, श्री सत्यनारायण बाबा वर्ष 1998 से यहां कठोर तपस्या में लीन हैं। उन्होंने स्वयं पत्थरों को एकत्रित कर शिवलिंग का स्वरूप बनाया और उसे अपनी तपोभूमि बनाया। कठिन मौसम परिस्थितियों में भी खुले स्थान पर रहकर भगवान शिव की साधना करना उनकी तपस्या की विशेष पहचान है। वर्ष 2003 में उन्हें श्री श्री 108 की उपाधि प्राप्त हुई थी।

इस धार्मिक और विकासोन्मुखी कार्यक्रम के दौरान महापौर जीवर्धन चौहान, नगर निगम सभापति डिग्रीलाल साहू, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *