
राजधानी में ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट व कबीर नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तिरंगा चौक (फेस-02) के पास दबिश देकर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से 17 लाख रुपए नगद, 7 मोबाइल फोन, 4 बैंक पासबुक, 1 चेकबुक और 27 एटीएम-क्रेडिट-डेबिट कार्ड जब्त किए गए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 19.70 लाख रुपए बताई गई है।
बुधवार शाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कबीर नगर के तिरंगा चौक फेस-2 के एक खंडहर में कुछ युवक ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना पर टीम ने घेराबंदी की। छापेमारी के दौरान आरोपी वहां से भागने लगे। टीम ने 3 आरोपी, दीपक सचदेवा, ऋषभ रंगलानी और गौरव सचदेवा को पकड़ा।

तलाशी के दौरान तीनों के पास से लाखों रुपए कैश, मोबाइल और बैंक दस्तावेज बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथी ओम खेमानी का नाम बताया, जो इस नेटवर्क में शामिल था। पुलिस ने छठ तालाब हीरापुर इलाके से ओम खेमानी को भी गिरफ्तार किया। उसके पास से 3.11 लाख रुपए नगद, तीन मोबाइल और बड़ी संख्या में एटीएम-क्रेडिट कार्ड बरामद हुआ।
जांच में पता चला कि आरोपी ramco777.com, wood777.com और powerexch.com जैसी बैटिंग वेबसाइट्स के जरिए मास्टर आईडी बनाकर कमीशन पर आईडी बेचते थे। इसी तरह वे बड़ी संख्या में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे थे।

इस साल 14 गिरफ्तार, 1.92 करोड़ से ज्यादा की जब्ती एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने साल 2026 में अब तक ऑनलाइन सट्टे के 3 मामलों में 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन प्रकरणों में नगद 1 करोड़ 4 लाख 85 हजार रुपए, 2 लैपटॉप, 27 मोबाइल फोन, 4 चारपहिया वाहन सहित कुल लगभग 1 करोड़ 92 लाख 20 हजार रुपए का सामान जब्त किया है। अधिकारियों के मुताबिक बदलते अपराध के तौर-तरीकों को देखते हुए टीम आरोपियों की जीवनशैली और गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही थी, जिसका परिणाम यह कार्रवाई है।