बारामती, 28 जनवरी। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का बुधवार को बारामती में एक प्लेन क्रैश में निधन हो गया। यह हादसा लैंडिंग की कोशिश के दौरान हुआ, जिसमें अजित पवार के साथ पायलट कैप्टन सुमित कपूर, को-पायलट शांभवी पाठक, फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली और पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर विदीप जाधव की भी मौत हो गई। इस दुर्घटना ने देशभर में शोक की लहर दौड़ा दी और महाराष्ट्र की राजनीति में एक बड़ा शून्य उत्पन्न किया है।
महाराष्ट्र सरकार ने इस घटना पर तीन दिन के राजकीय शोक का ऐलान किया है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के तहत कार्यरत AAIB (Aircraft Accident Investigation Bureau) इस हादसे की जांच कर रही है। इसके अलावा, पुलिस ने आकस्मिक मौत की रिपोर्ट (ADR) दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अजित पवार का अंतिम संस्कार बुधवार को बारामती के विद्या प्रतिष्ठान श्मशान घाट में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, शरद पवार, सुप्रिया सुले, नितिन गडकरी, एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस सहित कई प्रमुख नेता उपस्थित थे।