भोपाल। राजधानी भोपाल के जहांगीराबाद क्षेत्र स्थित नगर निगम संचालित आधुनिक स्लॉटर हाउस में गौमांस मिलने की शिकायत के बाद पुलिस और प्रशासन की जांच में कई गंभीर तथ्य सामने आए हैं। जांच के दौरान लापरवाही और अवैध गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में नगर निगम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 8 कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है।
सस्पेंड किए गए कर्मचारियों में वसीम खान, सलीम खान, राजा खान, शेख यूसुफ, वहीद खान, मोहम्मद फैयाज खान, ईसा मोहम्मद और अब्दुल रहमान शामिल हैं। वहीं यूसुफ खान, अब्दुल हकीम और मोहम्मद रफीक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
पुलिस ने नगर निगम से स्लॉटर हाउस से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं। इनमें वर्ष 2014-15 से अब तक के सभी टेंडर, अनुमति पत्र और अन्य रिकॉर्ड शामिल हैं। प्रभारी सहायक यंत्री सौरभ सूद सहित दो अन्य कर्मचारियों से लगातार पूछताछ की जा रही है।
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी लंबी अवधि तक यह अवैध गतिविधि कैसे संचालित होती रही। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।