बलौदाबाजार (छत्तीसगढ़), 22 जनवरी 2026: जिले के ग्राम बकुलाही स्थित रियल इस्पात प्लांट में क्लिनिकल फर्नेस के दौरान जोरदार विस्फोट होने से छह मजदूरों की मौत हो गई तथा चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद संयंत्र परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी मिलते ही कलेक्टर दीपक सोनी और एसपी भावना गुप्ता मौके पर पहुंचे। भाटापारा ग्रामीण पुलिस और बलौदाबाजार पुलिस बल भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। घायलों को तत्काल भाटापारा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बिलासपुर रेफर किया गया है।
कलेक्टर दीपक सोनी और एसपी भावना गुप्ता ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि विस्फोट में छह मजदूरों की मौत हुई है और चार घायल हैं। पुलिस और प्रशासन की टीम राहत कार्य में जुटी है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है तथा संयंत्र प्रबंधन से पूछताछ की जा रही है।
मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि इस मामले की गहन जांच होनी चाहिए। मजदूरों की मौत कैसे हुई, किन परिस्थितियों में हुई, सुरक्षा उपकरण उपलब्ध थे या नहीं, सभी पहलुओं की जांच की जाएगी।