दुर्ग: राजधानी एक्सप्रेस पर पथराव, इंजन का कांच क्रैक, आरपीएफ ने शुरू की जांच

दुर्ग (छत्तीसगढ़), 22 जनवरी 2026: दुर्ग जिले में एक बार फिर ट्रेन पर पथराव की घटना सामने आई है। खुर्सीपार गेट और पावर हाउस के बीच रेलवे ट्रैक पर अज्ञात लोगों ने राजधानी एक्सप्रेस पर पथराव किया। इस घटना में ट्रेन के इंजन के सामने लगा कांच क्रैक हो गया और उसमें दरार आ गई।

गनीमत रही कि पथराव से लोको पायलट और सहायक लोको पायलट को कोई चोट नहीं आई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

जानकारी के अनुसार, घटना के तुरंत बाद लोको पायलट ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को सूचना दी। सूचना मिलते ही आरपीएफ ने हरकत में आकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी। पथराव के बाद कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन ट्रेन को सुरक्षित रूप से आगे रवाना किया गया।

बताया जा रहा है कि इससे पहले भी खुर्सीपार क्षेत्र में वंदेभारत एक्सप्रेस पर पथराव की घटना हो चुकी है, जिसमें आरपीएफ ने एक अपचारी बालक को पकड़कर कार्रवाई की थी। बार-बार ऐसी घटनाओं से रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

आरपीएफ और स्थानीय पुलिस की टीम वर्तमान में रेलवे ट्रैक के आसपास की बस्तियों में संदिग्धों की तलाश कर रही है। अधिकारियों ने कहा है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निगरानी बढ़ाने का आश्वासन दिया है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *