माओवादी विरोधी अभियान के दौरान भालू और वनभैंसा के हमले में 2 जवान घायल

बीजापुर:
जिले के उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में थाना भोपालपटनम और थाना फरसेगढ़ की सीमा से लगे जंगल-पहाड़ी इलाके में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में 04 महिला माओवादियों समेत कुल 06 माओवादी कैडर मारे गए हैं। मारे गए माओवादियों में नेशनल पार्क एरिया कमेटी का इंचार्ज और शीर्ष माओवादी नेता डीवीसीएम दिलीप बेंडजा भी शामिल है, जिस पर 08 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

बीजापुर पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि जिले में माओवादी विरोधी अभियान लगातार जारी है। उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 2025 में सुरक्षाबलों ने 163 माओवादियों को ढेर किया था, जबकि वर्ष 2026 में अब तक 08 माओवादी मारे जा चुके हैं। जनवरी 2024 से अब तक कुल 229 माओवादी मारे गए हैं, 1126 माओवादियों को गिरफ्तार किया गया है और 876 माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में वापसी की है।

वहीं, बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टिलिंगम ने कहा कि निरंतर आसूचना-आधारित अभियानों और स्थानीय सहयोग के चलते माओवादी प्रभाव अब लगभग समाप्ति की ओर है। उन्होंने शेष बचे माओवादियों से आत्मसमर्पण कर शांति और विकास के मार्ग को अपनाने की अपील की।

अभियान के दौरान जंगल क्षेत्र में भालू और वनभैंसा के हमले में दो जवान घायल हो गए। दोनों को सुरक्षित रूप से उपचार के लिए हायर सेंटर भेजा गया है। अधिकारियों के अनुसार दोनों जवानों की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *